अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बांदा (उ०प्र०) द्वारा युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन बांदा कृषि विश्वविद्यालय में किया गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में कृषि विज्ञान के छात्रों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री मनोज जी, विशिष्ट अतिथि डॉ N.K. बाजपेयी जी एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष मा० जिला संघचालक सुरेन्द्र जी के द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पर्पण तथा दीप प्रज्वलन कर किया गया, तथा वंदे मातरम का सामूहिक गायन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री मनोज जी ने छात्रों को संबोधित करते हुए संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है क्योंकि यहां की अधिकतम जनसंख्या युवा है, यह भारत के लिए वरदान है। उन्होंने जोर दिया कि युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है।
उन्होंने भारत के विकास में छात्राओं के विशेष योगदान पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि जब यूरोप और अमेरिका में महिलाओं को वोट देने का भी अधिकार नहीं था, तब हमारे देश में अहिल्याबाई एवं लक्ष्मीबाई जैसी महारानियां समाज निर्माण का कार्य करती थीं।
मुख्य अतिथि जी ने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और विचारों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार की दूरदर्शी सोच के कारण ही आज हिंदू समाज के संगठन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने संघ द्वारा समाज में किए जा रहे सेवा कार्यों की भी जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्र के प्रति समर्पण का स्वरूप बदल गया है। आज युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाकर देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ बाजपाई जी ने कहा कि आज भारत को यदि सच में एक शक्तिशाली राष्ट्र बनाना है तो सबसे पहले हमे नागरिक कर्तव्यों का पालन करना होगा। जिस देश के नागरिक जिम्मेदार होते हैं, उस देश का विकास अपने आप हो जाता है। उन्होंने छात्रों से समाज परिवर्तन में अमूल्य योगदान हेतु आवाहन किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने छात्रों के संघ, समाज, एवं छात्रों की भूमिका संबंधिक प्रश्नों के उत्तर दिए। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विभाग संपर्क प्रमुख जगन्नाथ जी, जिला प्रचारक अनुराग जी, सह नगर कार्यवाह मानवेंद्र जी, नगर प्रचारक ओम जी, विमर्श प्रमुख रामकिशोर जी, डॉ अशोक परिहार जी, डॉ विज्ञा मिश्रा जी, डॉ ऋषि रंजन जी इत्यादि समेत सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे। संचालन अभिमन्यु जायसवाल ने किया।