अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे मिशन अज्ञात 2.0 अभियान के तहत बुधवार को परिवहन विभाग ने बिना नंबर प्लेट, धुंधली नंबर प्लेट, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) संचालित मालवाहनों तथा अवैध पार्किंग के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 67 मालवाहनों का चालान कर नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की गई।
यह विशेष अभियान 7 सितंबर से 9 सितंबर तक संचालित किया गया। बुधवार को सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) उदयवीर सिंह के नेतृत्व में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्याम लाल तथा यात्री/मालकर अधिकारी वीरेन्द्र राजभर की टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान मालवाहनों में नंबर प्लेट, एचएसआरपी की उपलब्धता और अवैध पार्किंग की विशेष रूप से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 67 वाहनों के चालान किए गए।
अधिकारियों ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और एचएसआरपी लगवाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों के प्रभावी पालन के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।