राघवेन्द्र शर्मा उरई (जालौन), 19 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद की विभिन्न तहसीलों में सघन अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
अभियान के तहत माधौगढ़ तहसील के ग्राम कुटरा स्थित एक डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया। वहीं ग्राम कुसेपुरा में काशीपुर प्रसाद की खोया भट्टी से खोया, घी, मिश्रित दूध तथा खोया के दो नमूने संग्रहित किए गए। कुसेपुरा रोड पर मध्य प्रदेश जा रही पिकअप वाहन से भी मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त मोजा रतनपुर जगम्मनपुर स्थित कामधेनु डेयरी से भी मिश्रित दूध का नमूना जांच हेतु भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीम द्वारा यह अभियान त्योहार तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय,खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार शंखवार, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार तथा महेश प्रसाद उपस्थित रहे। अभियान से बाजारों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।
