दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के भरोसे नगरपालिका का विद्युत विभाग, शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था प्रभावित, आम जनता परेशान

 

 

मंदसौर/नाहरगढ( तुलसीराम राठौर)–नगर पालिका मंदसौर के विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर शहर में सवाल उठने लगे हैं। शहर के कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बंद होने से नागरिकों को रात के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगरपालिका के विद्युत विभाग की लापरवाही और समुचित निगरानी के अभाव में विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका के विद्युत विभाग का प्रभार का दायित्व एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी संजय खिमेसरा सम्हाल रहे है जबकि विभाग में स्थायी कर्मचारी एवं लाइनमैन भी पदस्थ हैं। विभागीय कार्यों के संचालन और जवाबदेही को लेकर स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने से शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
शहर के अनेक वार्डों में विद्युत पोलों पर लगे बल्ब और ट्यूब लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इसके कारण कई मोहल्लों और सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता है, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाई होती है तथा सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ जाती हैं।
वैसे नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा व्यवस्थाओं को बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन नगर पालिका के कर्मचारियों की ओर विभागीय स्तर पर लापरवाही और निगरानी की कमी के कारण अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। गौरतलब है कि नगर पालिका में वर्षों से भाजपा का नेतृत्व रहा है और लगातार भाजपा समर्थित अध्यक्ष निर्वाचित होते आए हैं। इसके बावजूद वर्तमान कार्यकाल में मूलभूत सुविधाओं को लेकर नागरिकों में बहुत असंतोष देखा जा रहा है।
शहरवासियों ने मांग की है कि विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर योग्य एवं जिम्मेदार को जवाबदेही सौंपी जाए तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराया जाए। नागरिकों का मानना है कि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आमजन की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
मूलभूत सुविधाओं को लेकर शहर वासी परेशान —
नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने कहा कि नगरपालिका में व्यवस्थाएं चौपट हो रही हे,मूलभूत सुविधाओं को लेकर शहरवासी बहुत परेशान हे।समय समय पर हमने नगरपालिका अध्यक्ष ओर सीएमओको इन समस्याओं से अवगत करवाया हे लेकिन कोई सुधार नहीं किया जा रहा हे।पयामी ने कहा कि नगरपालिका के विद्युत विभाग की स्थिति तो बहुत विकट हे,एक दैनिक वेतन भोगी शहर की विद्युत व्यवस्था को देखेगा तो यही सब होना हे। लेकिन नपा अध्यक्ष ओर सीएमओ उदासीन बने हुए हैे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *