*‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत किड्जी के नन्हे-मुन्नों ने पुलिस अधिकारियों को भेंट किया तिरंगा*

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत किड्जी इंदिरा नगर, बांदा (KIDZEE Indra Nagar, Banda) के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अनूठी पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बांदा पहुंचकर राष्ट्रध्वज तिरंगा भेंट किया।

इस अवसर पर बच्चों ने पुलिस अधीक्षक श्री पलाश बंसल एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री शिवराज को तिरंगा भेंट कर देश के प्रति अपने सम्मान और प्रेम का भाव व्यक्त किया। नन्हे हाथों से तिरंगे को सम्मान देने और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाला यह दृश्य उपस्थित लोगों के लिए भावुक एवं प्रेरणादायी रहा।

बच्चों ने अपने इस छोटे से प्रयास के माध्यम से यह संदेश दिया कि देशभक्ति की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। बचपन से ही बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

बच्चों के साथ सौरभ चंद्र गुप्ता सहित किड्जी इंदिरा नगर का स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बच्चों की यह पहल न केवल राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान को दर्शाती है, बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का सुंदर संदेश भी देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *