अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*चित्रकूट:। * बुंदेलखंड के दुर्गम और पिछड़े माने जाने वाले पाठा क्षेत्र की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने एक और बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। ‘लॉजिस्टिक योजना’ के अंतर्गत चित्रकूट के मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र के बरगढ़ इलाके में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से 5 प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण को हरी झंडी दे दी गई है। योगी सरकार के इस फैसले से पूरे पाठा क्षेत्र में विकास की नई बयार बहेगी और बरसों से बदहाली का दंश झेल रहे ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों का असर कहें या सरकार की विकासपरक नीति, सड़क निर्माण से जुड़े लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर सभी 5 सड़कों का सर्वे कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया है।
*3 मीटर से 7 मीटर चौड़ी होंगी सड़कें*
वर्तमान में इन ग्रामीण सड़कों की चौड़ाई महज 3 मीटर है जिसके कारण हादसों का खतरा बना रहता था। पाठावासियों की इस बड़ी समस्या को भांपते हुए योगी सरकार ने इन सभी सड़कों को सीधे 7 मीटर चौड़ा करने का निर्णय लिया है। कुल लगभग 26 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के चौड़ीकरण से क्षेत्र के दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी सीधे मुख्य मार्गों से हो जाएगी।
*इन 5 सड़कों का होगा चौड़ीकरण*
बरगढ़ कस्बा (अशोक चौराहा) से गुइनया खुर्द मार्ग: 9.900 किलोमीटर लंबी इस मुख्य सड़क के चौड़ीकरण पर 34.05 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बरगढ़ मोड़ से मनका छितैनी लिंक रोड: 9.800 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को 21.18 करोड़ रुपए की लागत से चमकाया जाएगा।
अशोक चौराहा (बरगढ़) से सेमरा रोड: 2.50 किलोमीटर के इस टुकड़े को 13.86 करोड़ रुपए की लागत से चौड़ा बनाया जाएगा।
एफसीआई अटारी माजरा रोड लिंक: अशोक चौराहा गुईनिया खुर्द रोड के किलोमीटर एक से बाएं मुड़कर एफसीआई अटारी माजरा की ओर जाने वाली 3.100 किलोमीटर लंबी सड़क को 6.77 करोड़ रूपये से चौड़ा किया जाएगा।
भरत पुरवा गहर रोड: महज 570 मीटर की इस लिंक रोड के लिए भी योगी सरकार ने 3.47 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
*व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार*
योगी सरकार की इस बड़ी सौगात से न केवल पाठा क्षेत्र के लोगों का सफर आसान और सुरक्षित होगा बल्कि लॉजिस्टिक योजना के तहत इन सड़कों के बनने से स्थानीय व्यापार, कृषि उत्पादों के परिवहन और उद्योगों को भारी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्रीय जनता ने इस एतिहासिक कार्य के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।