सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
।बांदा । पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पैलानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अन्तर्जनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी के आभूषणों को गलाकर तैयार की गई करीब 6.5 लाख रुपये मूल्य की ठोस पीली धातु बरामद की गई है। थाना पैलानी क्षेत्र के ग्राम पिपरहरी निवासी ज्वाला प्रसाद ने दिनांक 29 अगस्त 2025 को सूचना दी थी कि दिनांक 28 अगस्त 2025 की रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से आभूषणों की चोरी कर ली गई है। सूचना के आधार पर थाना पैलानी में तत्काल अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर थाना पैलानी पुलिस ने अभियुक्त को अलोना नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर तैयार की गई करीब 6.5 लाख रुपये की ठोस पीली धातु बरामद की गई। पुलिस द्वारा अन्य फरार साथी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
