विजय द्विवेदी की रिपोर्ट
उरई। जनपद में संचालित योग वेलनेस सेंटर एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में योग प्रशिक्षकों, योग सहायकों एवं अंशकालिक योग सहायकों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग प्रशिक्षक शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें तथा अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए नियमित योगाभ्यास से जोड़ें।
जिलाधिकारी ने अंशकालिक पुरुष योग प्रशिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक माह हेल्थ वेलनेस सेंटर, विद्यालयों एवं सामुदायिक स्तर पर न्यूनतम एक-एक घंटे की अवधि वाले कुल 32 योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें 20 योग अभ्यास कार्यक्रम हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर तथा 12 योग अभ्यास कार्यक्रम विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योग कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रत्येक माह विद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर कम से कम दो घंटे का आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया जाए, जिससे आमजन को योग के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी मिल सके। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्तर पर वर्ष में कम से कम दो व्यापक योग जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं।जिलाधिकारी ने अंशकालिक महिला योग प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक माह न्यूनतम 20 योग अभ्यास कार्यक्रम एक-एक घंटे की अवधि के साथ आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि महिला समूहों तक योग की पहुंच बढ़ाने के लिए सभी महिला योग प्रशिक्षक आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अन्य योग प्रशिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करें, जिससे अधिकाधिक महिलाओं को योग से जोड़ा जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेंटरों में तैनात अंशकालिक पुरुष एवं महिला योग प्रशिक्षक शासन द्वारा निर्धारित समयावधि एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। योग कार्यक्रमों का नियमित संचालन, अभिलेखीकरण एवं गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित लक्ष्य समय से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रत्येक प्रशिक्षक पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि स्वस्थ, जागरूक एवं निरोगी समाज के निर्माण के उद्देश्य को साकार किया जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी वरुण गुप्ता, योग प्रशिक्षक पुरुष व महिला आदि मौजूद रहे।