चंद्र प्रकाश द्विवेदी की रिपोर्ट
ककरबई ककरबई-झांसी क्षेत्र में रात के अंधेरे में संचालित हो रहे अवैध बालू खनन के कारोबार पर ककरबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू से भरी एक पावर ट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए मामले की सूचना खनिज विभाग को भेज दी है। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह ने कहा कि गश्त के दौरान रात्रि लगभग एक बजे अवैध बालू खनन करते हुए बरमाईन रोड पर इमली तिराहा के पास एक पावरट्रैक ट्रैक्टर ट्राली पुलिस टीम को धसान नदी की ओर से आती दिखी वाहन रोकने पर चालक लोड बालू व वाहन के कोई भी कागज प्रस्तुत नहीं कर सका, पुलिस द्वारा एमवीएक्ट के तहत् वाहन को कब्जे में लेकर लोड बालू के विषय में अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को अवगत कराया गया। इस मौके पर प्रमुख रूप से उपनिरीक्षक अंकुर राणा कांस्टेबल अमन, रोबिन सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। क्षेत्रीय सूत्रों का कहना है कि ककरबई तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से रात के समय अवैध बालू खनन और परिवहन का कारोबार चल रहा है। ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस और खनिज विभाग संयुक्त रूप से नियमित अभियान चलाएं तो क्षेत्र में अवैध खनन पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
