शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला । जिले के निर्माण श्रमिकों के सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज मोहला स्थित वन-धन केंद्र में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रम विभाग के अधीन संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री योगेश दत्त मिश्रा रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री योगेश दत्त मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिक केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के विकास का मजबूत आधार हैं। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र श्रमिक तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण पड़ाव जैसे जन्म, शिक्षा, विवाह, स्वास्थ्य, मातृत्व, दुर्घटना सहायता से लेकर मृत्यु उपरांत सहायता तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, छात्रवृत्ति, कौशल विकास एवं आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे श्रम विभाग में अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि शासन की सभी योजनाओं का लाभ उन्हें और उनके परिवार को मिल सके। श्री मिश्रा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र श्रमिक योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए श्रमिकों को जागरूक होना होगा तथा अपने अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना होगा।
सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण, समाज विकास तथा आर्थिक प्रगति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनका पंजीयन कर योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया को भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना, सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना, श्रमिकों का सम्मान बढ़ाना तथा उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी पहल बनना था।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री योगेश दत्त मिश्रा ने मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना तथा मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं सीईओ जनपद सुश्री शुभांगी गुप्ता, श्रम पदाधिकारी श्री समीर मिश्रा,श्रम निरीक्षक श्री प्रमोद यादव,कल्याण अधिकारी श्री वतन सिंह राजपूत सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी, बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहें।
