नक्सल पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र हितग्राहियों को मिले योजनाओं का लाभ – कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति*

Blog

   शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नक्सल पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को सभी निर्धारित सुविधाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नक्सल पुनर्वास नीति के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल चुका है, उनकी जानकारी का पोर्टल पर समय पर एंट्री की जाए तथा शेष पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। बैठक में स्थायी दिव्यांग हितग्राहियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं, कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से दिए गए प्रशिक्षण, कृषि पंप विद्युतीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, यात्री किराया में 50 प्रतिशत छूट, रोजगार एवं नौकरी से संबंधित प्रकरणों, अनुग्रह राशि वितरण, भूखंड एवं आवास संबंधी सुविधाओं तथा शिक्षा एवं छात्रवृत्ति से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को हितग्राहियों का सर्वेक्षण के साथ आवश्यक जानकारी ऑनलाइन शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विशेष रूप से नौकरी प्रदान किए जाने से संबंधित प्रकरणों तथा लंबित राशि वितरण की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नक्सल पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि पुनर्वास की मुख्यधारा से जुड़े हितग्राहियों को शासन की सभी सुविधाओं का समुचित लाभ मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *