वार्ड 17 में विकास की पोल खुली: बदहाल रास्ता, टूटी नालियां और जलभराव से त्रस्त लोग, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा नगर पालिका प्रशासन*

Blog

 

रिपोर्ट :-ब्रजेश उदैनियाँ अभिवादन एक्सप्रेस से

जालौन। नगर पालिका परिषद जालौन के वार्ड नंबर 17 स्थित मोहल्ला नया भवानीराम, लौना रोड गैस एजेंसी के पीछे रहने वाले लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। वर्षों से बदहाल पड़े रास्ते, टूटी नालियों और जल निकासी व्यवस्था की बदहाली से क्षेत्रवासी परेशान हैं, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

मोहल्लेवासी सुभाष चंद्र, मान सिंह कुशवाहा सहित एक दर्जन से अधिक मुहल्लेवासियो के अनुसार सुभाष चंद्र के मकान से भगवानदास के मकान के सामने तक करीब 100 फीट लंबा और 15 फीट चौड़ा मार्ग आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। इंटरलॉक सड़क बनने के बजाय रास्ते में घास-फूस उग आई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार नगर पालिका में शिकायतें की गईं, लेकिन अधिकारियों ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई गंभीर कदम नहीं उठाया। मार्ग के किनारे बनी नालियां कई स्थानों पर टूट चुकी हैं, जिससे घरों का गंदा पानी आसपास के खाली प्लॉटों में भर रहा है और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी रहती है।

गंदे पानी के जमाव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। लोगों का आरोप है कि टूटी पुलिया और बंद पड़ी जल निकासी व्यवस्था के कारण घरों से निकलने वाला पानी वापस मकानों की नींव और पिलरों तक पहुंच रहा है, जिससे भवनों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। वहीं मुख्य नाले की सफाई भी लंबे समय से नहीं कराई गई है।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि अधूरे पड़े मार्ग का निर्माण जल्द कराया जाए, टूटी नालियों और पुलिया की मरम्मत कराई जाए तथा मुख्य नाले की सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था की जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *