बालागंज स्टेडियम में सुरक्षा, सीसीटीवी एवं मरम्मत कार्यों के दिए निर्देश

Blog

 

 

मंदसौर /नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)-

कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में बालागंज स्टेडियम के दुकानदारों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेडियम परिसर की दुकानों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि जून माह के अंत तक सभी आवंटित दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों का संचालन व्यवस्थित रूप से प्रारंभ करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो दुकानदार निर्धारित समय सीमा तक दुकान संचालित नहीं करेंगे, उनकी दुकानों के संबंध में 1 जुलाई से अन्य पात्र दुकानदारों को आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

कलेक्टर ने दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही समूचे परिसर के सभी कॉरिडोर में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा दुकानों के अंदर आवश्यक मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। दुकानों के बाहरी हिस्से एवं छत की मरम्मत का कार्य शिक्षा विभाग द्वारा कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार बिना किसी भय या संकोच के अपना व्यवसाय संचालित करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन उनके साथ है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

बैठक में दुकानदारों को एक समूह एवं समिति बनाकर सामूहिक रूप से कार्य करने, परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा अपनी संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सक्रिय समिति के माध्यम से परिसर के विकास एवं संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि बालागंज स्टेडियम परिसर में फूड जोन विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। शिक्षा विभाग को दुकानदारों के बही-खातों के संधारण हेतु चार्टर्ड अकाउंटेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उल्लेखनीय है कि बालागंज स्टेडियम परिसर में कुल 76 दुकानें निर्मित हैं, जिनमें से वर्तमान में 59 दुकानें आवंटित हैं, जबकि शेष 17 दुकानों की नीलामी की जाना प्रस्तावित है।

फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *