ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। भीषण गर्मी के बीच नगरवासियों और राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए नगर पालिका परिषद जालौन द्वारा लगाए गए सार्वजनिक वाटर कूलरों की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। नगर के सबसे व्यस्त चौराहों में शुमार सरदार वल्लभभाई पटेल चौक पर लगा वाटर कूलर पिछले काफी समय से बंद पड़ा है, जिससे राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तपती धूप और बढ़ते तापमान के बीच जहां लोगों को ठंडे पेयजल की सबसे अधिक आवश्यकता है, वहीं नगर के प्रमुख स्थल पर पेयजल सुविधा ठप होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस चौराहे से गुजरते हैं, लेकिन वाटर कूलर में पानी न मिलने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि जनहित के लिए स्थापित की गई सुविधाओं का नियमित रखरखाव नगर पालिका की जिम्मेदारी है, लेकिन संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के चलते आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नगरवासियों ने इस समाचार के माध्यम से नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए बंद पड़े वाटर कूलर की मरम्मत कर उसे शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन आमजन की इस मूलभूत समस्या का समाधान कितनी जल्दी कर पाता है, या फिर राहगीरों को यूं ही प्यास से जूझना पड़ेगा।
