महेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद बांदा के यातायात प्रभारी का कार्यभार संभालते ही व्यवस्था सुधारने का लिया संकल्प

Blog

 

  अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा। जनपद बांदा की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से महेंद्र प्रताप सिंह को यातायात प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की बात कही।

महेंद्र प्रताप सिंह इससे पूर्व बिसंडा थाना में इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने न्यायालय सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें जनपद बांदा की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यभार संभालने के बाद यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह यातायात संबंधी सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम चौराहों पर विशेष निगरानी रखेंगे। साथ ही अपनी टीम को उन सभी स्थानों पर तैनात करेंगे, जहां अक्सर यातायात प्रभावित होता है या जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात सुरक्षा के नियमों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वाहन चालकों को नियमों के अनुरूप वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जबकि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

यातायात प्रभारी ने जनपदवासियों और वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और शहर में जाम जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता का सहयोग बेहद आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *