अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*बांदा: 29 अप्रैल-* प्रदेश के मेधावी युवाओं को सशक्त बनाने के मिशन में जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा के छात्रों को एक बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत अब बांदा के मध्यम और गरीब वर्ग के छात्र-छात्राएं भी अपने सपनों को उड़ान दे सकेंगे। इस योजना के माध्यम से जिले में UPSC, UPPSC, NEET, IIT-JEE, SSC, रेलवे और पुलिस भर्ती जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जा रही है। बांदा शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय में वर्ष 2021 से संचालित यह कोचिंग सेंटर जिले के छात्र छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट विजन है कि आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली छात्र के भविष्य की बाधा न बने। इसीलिए कोचिंग का पूरा खर्च सरकार खुद उठा रही है।
*29 अप्रैल से आवेदन शुरू, 25 मई तक जमा होंगे आवेदन फॉर्म*
इस ऐतिहासिक कदम का लाभ उठाने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक छात्र छात्राएं राजकीय महिला महाविद्यालय बांदा से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है। यह उन मेधावी छात्रा छात्राओं के लिए सुनहरा मौका है जो संसाधनों के अभाव में बड़े शहरों का रुख नहीं कर पाते थे।
*डिजिटल और ऑफलाइन पढ़ाई का संगम*
अभ्युदय कोचिंग सेंटर के कोऑर्डिनेटर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि संस्थान में ऑफलाइन कक्षाओं के साथ-साथ ऑनलाइन कक्षाएं और डिजिटल स्टडी मैटेरियल की भी सुविधा है। वर्तमान में यहाँ एसएससी और सिविल सेवा की विशेष तैयारी कराई जा रही है। यूपीएससी की कक्षाओं के लिए उन शिक्षकों को रखा गया है जिन्होंने कम से कम दो बार मेंस की परीक्षा दी है। ताकि छात्रों को सही मार्गदर्शन मिल सके और आवेदन की प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। इसलिए छात्र छात्राओं से अपील है कि जो लोग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के इच्छुक हों वो जल्द से जल्द आवेदन करा लें। इन्होंने बताया कि यहां की प्रशासनिक समिति में सीडीओ, समाज कल्याण अधिकारी और डीआईओएस समेत 7 जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हैं जो इसकी निगरानी कर रहे हैं। कोऑर्डिनेटर ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को भारी-भरकम फीस वाले कोचिंग संस्थानों में बाहर भेजने के बजाय सरकार द्वारा संचालित इस निःशुल्क कोचिंग में भेजें और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखें।
