– अनिल कुमार प्रभाकर
उरई/जालौन। दिनांक 26.03.2026 को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं/बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन हेतु संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद जालौन पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के क्रम में पुलिस लाइन उरई से टाउन हॉल तक “Run For Empowerment” रैली का आयोजन किया गया।
जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जालौन की उपस्थिति में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में महिला पुलिस कर्मियों के साथ शिक्षा विभाग, स्कूली छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आत्मनिर्भर बनने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि महिलाएं किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में बिना झिझक अपने परिजनों, शिक्षकों या नजदीकी पुलिस अधिकारी को सूचित करें। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे डायल-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एम्बुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181 एवं एंटी करप्शन हेल्पलाइन-1076 की जानकारी भी साझा की गई।
पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत लगातार ब्रीफिंग कर प्रभावी नेतृत्व किया जा रहा है, जिससे महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को और मजबूत किया जा सके।
रैली के सफल आयोजन हेतु सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
जालौन पुलिस का मिशन शक्ति अभियान निरंतर जारी है और महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन हेतु 24×7 प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।
