मंदसौर / नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)– जिले के जग्गाखेड़ी में आज सोहरा यूपीवीसी उद्योग का शुभारंभ महामहिम राज्यपाल कर्नाटक थावरचंद गहलोत द्वारा किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, मंदसौर विधायक विपिन जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा सतीश मालवीय, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल गहलोत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर युवा आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं उद्यम स्थापित कर अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान करें। उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर उद्योग से संबंधित जानकारी देते हुए बताया गया कि यूपीवीसी (UPVC) एक अत्यंत लोकप्रिय एवं टिकाऊ कंस्ट्रक्शन मटेरियल है, जिसका उपयोग मुख्यतः खिड़कियों एवं दरवाजों के निर्माण में किया जाता है। यह पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ लंबे समय तक टिकाऊ और कम रखरखाव वाला विकल्प है, जिसके कारण आजकल घरों और कार्यालयों में इसका उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।
