मंदसौर /नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)—
जिले में बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल मंदसौर में बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान वैक्सीन लगवाने वाली बालिकाओं ने स्वयं आगे बढ़कर उपस्थित लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित किया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि जगदीश खीची द्वारा उपस्थित बालिकाओं, अभिभावकों एवं अन्य लोगों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया यह टीका बालिकाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पात्र आयु वर्ग की बालिकाओं को निशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाना और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। इसे विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण के बाद ही उपयोग में लाया जा रहा है, इसलिए अभिभावकों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान नहीं देना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
फोटो
