अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा:i मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी और जन-कल्याणकारी नीतियों के फलस्वरूप चित्रकूट मंडल के लाखों परिवारों के जीवन में नई रोशनी लौटी है। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई बिजली बिल राहत योजना चित्रकूट मंडल के चारों जनपदों में रिकॉर्ड स्तर पर सफल साबित हुई है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 100% ब्याज माफी और मूलधन में 25% तक की सीधी छूट देकर योगी सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बड़ी संजीवनी प्रदान की है।
*रिकॉर्ड तोड़ हुए पंजीकरण और जमा हुआ राजस्व*
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, चित्रकूट मंडल के कुल 3,79,121 उपभोक्ताओं में से 1,35,781 जागरूक उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया। मुख्यमंत्री की इस उदार योजना का असर यह रहा कि 58,397 उपभोक्ताओं ने तत्काल बकाया भुगतान कर अपने घरों को भविष्य की भारी पेनाल्टी से सुरक्षित कर लिया। इस प्रक्रिया के माध्यम से सरकार को कुल 66.26 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो विकास कार्यों में गति प्रदान करेगा।
*जनपदवार आंकड़े*
बांदा : यहाँ 126406 उपभोक्ताओं में से 48,026 ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 21911 लोगों ने योजना का लाभ उठाते हुए 20 करोड़ 10 लाख रुपये जमा किए।
चित्रकूट: पावन नगरी चित्रकूट में 82,458 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण में उत्साह दिखाया। यहाँ 24,542 लोगों ने योजना का लाभ लिया और कुल 12 करोड़ 96 लाख रुपये का बकाया जमा कर ऋण मुक्त हुए।
हमीरपुर : हमीरपुर में 86,494 उपभोक्ताओं में से 37,227 लोगों ने मुख्यमंत्री की योजना पर भरोसा जताते हुए 17 करोड़ 70 लाख रुपये सरकारी खजाने में जमा किए।
महोबा: वीर भूमि महोबा के 83,763 उपभोक्ताओं में से 25,986 उपभोक्ताओं ने लाभ प्राप्त किया और 5 करोड़ 82 लाख रुपये जमा कर बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की।
मुख्य अभियंता ई. अरविंद नायक ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना का लाभ लेने के लिए मंडल के लोगों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस योजना के तहत 28 फरवरी तक लाखों लोगों ने इस योजना का लाभ लिया है। वहीं जिन लोगों ने 28 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन करा लिया था वे 31 मार्च तक अपना बकाया जमा कर सकते हैं।
