मदसौर/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)-– जिले में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण ई-दक्ष केंद्र के कम्प्यूटर लैब में आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के चार्ज अधिकारियों को मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के जिला प्रभारी अभिषेक ठाकुर द्वारा अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली एवं प्रथम चरण में किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि आगामी जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए नगरीय और ग्रामीण स्तर पर चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। इन अधिकारियों को जिला स्तर पर चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल सहित अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जनगणना लिपिक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
द्वितीय चरण के इस प्रशिक्षण में जिला जनगणना पुस्तिका से संबंधित जानकारी के साथ-साथ सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल पर हैंड्स-ऑन अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका अनुसूची, प्रक्रिया प्रवाह तथा जनगणना से जुड़ी विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
अभिषेक ठाकुर द्वारा एमएमएस पोर्टल पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण देते हुए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की सूची को एक्सेल के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड करने तथा उनके नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं, जिससे जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
