शिव शर्मा की रिपोर्ट
राजनांदगांव।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व जिला अध्यक्ष भागवत साहू ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का बजट पूरी तरह से जनता को भरमाने वाला है।
श्री साहू ने आरोप लगाया कि सरकार बजट में बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती है और भारी-भरकम राशि स्वीकृत करती है लेकिन धरातल पर उसे खर्च करने में कंजूसी बरती जाती है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समय पर और सही तरीके से राशि का उपयोग नहीं किया जा रहा है जो प्रदेश के विकास के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि महीनों पहले स्वीकृत विकास कार्य या तो शुरू ही नहीं हो पाए हैं या फिर बहुत धीमी गति से चल रहे हैं। इससे जनता की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। श्री साहू ने दावा किया कि भाजपा सरकार का यह बजट प्रदेश की विकास गति को तेज करने में पूरी तरह असफल रहेगा। उन्होंने कहा कि बजट में आम जनता, किसान, मजदूर और युवाओं के हितों की अनदेखी की गई है। श्री साहू ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का क्या हुआ मोदी की गारंटी के नाम पर जनता को भ्रमित कर चुनाव जीतने वाली भाजपा अब बजट के जरिए प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में ठोस प्रावधानों के बजाय केवल दिखावटी घोषणाएं की गई हैं। अंत में भागवत साहू ने कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता को वास्तविक राहत देने के बजाय केवल झुनझुना थमाने जैसा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्वीकृत योजनाओं की राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रदेश का वास्तविक विकास हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।
