सनत कुमार बुधौलिया
सनत कुमार बुधौलि कोंच रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक शौचालय व रोशनी के इंतजाम का रखा प्रस्तावया की रिपोर्ट
कोंच। कोंच रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार और आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही शटल ट्रेन में जरूरी व्यवस्थाओं के लिए सुझाव सामने लाए जाने के मद्देनजर गुरुवार को स्टेशन पर जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें पालिकाध्यक्ष समेत तमाम यात्रियों ने बहुमूल्य सुझाव दिए।
डीआरएम झांसी अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर आयोजित किए गए जन संवाद कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता एवं यात्रियों समेत करीब आधा सैकड़ा लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने स्टेशन पर पर्याप्त प्रकाश और सार्वजनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था किए जाने, प्लेटफॉर्म पर बैठने के लिए कुर्सियां लगवाने एवं स्टेशन परिसर में स्वच्छ सुंदर वातावरण के लिए सार्वजिनक पार्क विकसित किए जाने का सुझाव रखा। इसके अलावा रविवार को सार्वजनिक अवकाश के दिन भी रिजर्वेशन विंडो खोलकर सुविधा प्रदान किए जाने, शटल ट्रेन में जरूरी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने और एट जंक्शन पर लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कर कोंच-एट शटल ट्रेन को पुनः सरसोखी तक चलाए जाने की मांग सामने रखी। उपस्थित लोगों ने रेलवे लाइन विस्तारीकरण की वर्षों पुरानी मांग भी जन संवाद कार्यक्रम में रखी। पालिकाध्यक्ष ने भी स्टेशन के सौंदर्यीकरण के लिए प्रमुख बिंदु सामने रखे। कार्यक्रम में उपस्थित रेलवे के एडीएसटीई अभय प्रताप सिंह व मुख्य कार्यालय अधीक्षक उरई केके त्रिपाठी ने कहा कि कार्यक्रम में यात्रियों व आमजन ने जो भी सुझाव दर्ज कराए हैं, उन सुझावों से विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा ताकि कोंच रेलवे स्टेशन को आधुनिक व्यवस्थाओं से युक्त बनाकर शटल ट्रेन की सुविधाओं में इजाफा किया जा सके। अंत में स्टेशन परिसर में दो पौधे भी रोपे गए। इस मौके पर स्टेशन प्रबंधक पूनम राजपूत सहित स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।