अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
अनिल सक्सेना की रिपोर्ट बांदा:। * पवित्र श्रावण मास के पावन सोमवारों और भव्य कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की मंशानुसार बांदा जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता और सहूलियत को प्राथमिकता पर रखते हुए जिले में व्यापक स्तर पर यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य कांवड़ियों और आम राहगीरों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना है।
*चित्रकूट मार्ग पर भारी वाहन प्रतिबंधित, रूट बदला*
पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार बांदा से चित्रकूट की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। अत्यधिक भीड़ बढ़ने की स्थिति में छोटे वाहनों को भी बाईपास चौराहा अतर्रा रोड से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। विशेष रूप से शनिवार और रविवार के दिनों में बांदा-अतर्रा-बदौसा-चित्रकूट मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
*वैकल्पिक मार्गों का करें प्रयोग*
बांदा से चित्रकूट जाने वाले छोटे वाहनों के लिए प्रशासन ने सुगम वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। श्रद्धालु और आम नागरिक बांदा-बिसंडा- पहाड़ी-चित्रकूट मार्ग अथवा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर अपनी यात्रा पूरी कर सकते हैं। इसके साथ ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर चलने वाले सभी भारी वाहनों को केवल बिसंडा कट तक ही जाने की अनुमति दी गई है।
*ये मार्ग रहेंगे पूरी तरह सामान्य*
राहत की बात यह है कि जिले के अन्य प्रमुख मार्ग पूरी तरह से खुले रहेंगे। बांदा-बेंदाघाट (फतेहपुर मार्ग), बांदा-चिल्ला (कानपुर मार्ग), बांदा-हमीरपुर, बांदा-महोबा और बांदा-कालिंजर मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन आम दिनों की तरह सामान्य रूप से जारी रहेगा।
*सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, योगी सरकार की सराहना*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सुरक्षित उप्र, सुगम उप्र’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए बांदा पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। सभी कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख शिव मंदिरों जैसे शहर का प्राचीन बाम्बेश्वर मंदिर व कालिंजर का नीलकंठ मंदिर व शिवालयों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है वहीं प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है। साथ ही अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों की भी सतत निगरानी की जा रही है।
*पुलिस ने की अपील, नियमों का पालन करें, सुरक्षित चलें*
इस सम्बंध में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा कि आम जनता से मेरी अपील की है कि वे श्रावण सोमवार और कांवड़ यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। इस सहयोग से ही सभी लोग सुगमता और सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। नियमों का पालन कर इस पावन पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य बनाएं।
