महाशिवरात्रि की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण*

Blog

 

सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

   

उरई ii  महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने ग्राम सरावन स्थित प्राचीन भूरेश्वर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि रहे। मंदिर परिसर एवं मार्गों पर सुदृढ़ एवं समुचित बैरिकेटिंग की व्यवस्था की जाए ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुव्यवस्थित ढंग से हो सके। संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए। जिलाधिकारी ने पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु दो मजिस्ट्रेटों की तैनाती करने तथा पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी सतर्क एवं सक्रिय रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि पार्किंग स्थल चिन्हित कर वहां पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाए।अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा पर्व के दौरान सतत मॉनिटरिंग की जाए, जिससे महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, उल्लास और पूर्ण सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *