शिव शर्मा के साथ रामेश्वर यादव की रिपोर्ट
राजनांदगांव।
ग्राम जंगलपुर, विकासखंड छुरिया में अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक सेवा परिषद मातृशक्ति प्रकोष्ठ, राजनांदगांव द्वारा महान समाज सुधारिका सावित्रीबाई फुले जी की जयंती के अवसर पर वर्ष 2026 की प्रथम मासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले जी के जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान एवं महिला उत्थान हेतु किए गए संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
मातृशक्ति प्रकोष्ठ की सदस्यों द्वारा ग्राम जंगलपुर की महिला स्व-सहायता समूहों को सावित्रीबाई फुले जी के विचारों, शिक्षा के महत्व, नारी सशक्तिकरण एवं सामाजिक समानता के संदेशों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर ग्राम की एकता स्व-सहायता समूह सहित समस्त मातृशक्तियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत की सरपंच रहीं। उनके साथ उपसरपंच एवं पंचगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। संगठन की ओर से अध्यक्ष श्रीमती वर्षा रावटे, उपाध्यक्ष श्रीमती ठगिया साहू, सचिव श्रीमती संगीता गंगबर तथा कोषाध्यक्ष श्रीमती भुनेश्वरी साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अतिरिक्त श्रीमती सुनीता राव, श्रीमती ज्योति आडले, श्रीमती मिनेश्वरी, श्रीमती सावित्री रजक एवं श्रीमती शिवानी साहू सहित अन्य मातृशक्तियाँ भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। साथ ही प्राथमिक शाला परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कृषि सहायिका, रोजगार सहायक एवं ग्राम की समस्त महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान सावित्रीबाई फुले जी के शिक्षा, नारी सशक्तिकरण एवं सामाजिक चेतना से जुड़े विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। सभी उपस्थित मातृशक्तियों ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
