गद्दा गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों रू के नुकसान का अनुमान

Blog

 

 

            सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

कोंच।     मोहल्ला जवाहर नगर में रेलवे स्टेशन से  मियांगंज की ओर जाने वाले रास्ते में मित्तल इंटीरियर्स के गद्दा गोदाम में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास के घरों में लगे समर्सेवल से आग पर काबू करने की कोशिश करने लगे। कुछ लोग गोदाम का सामान बाहर फेंकने में जुट गए ताकि वह जलने से बच सके। सूचना पर पहुंची पुलिस भी आग बुझाने में जुट गई, जबकि सूचना के करीब दो घंटे बाद उरई और माधौगढ़ से पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने बची-खुची आग बुझाई।
मित्तल इंटीरियर्स फोम के गद्दे बनाने का काम करते हैं। अफरातफरी के बीच वहां जुटे नागरिकों ने गोदाम में जहां आग नहीं पहुंची थी, में भरा सामान उठा-उठा कर सड़क पर फेंक दिया । आग बुझाने की कोशिश में जितेंद्र यादव (35) निवासी सुभाष नगर एवं अजय रजक उर्फ पप्पू बाबा (27) निवासी कांशीराम कॉलोनी कोंच हल्के फुल्के झुलस गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल अजीत सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक लल्लू राम, दरोगा अशोक कुमार वर्मा, नीतीश कुमार, सुमित पांडे, अनुराग राजन आदि भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे।  पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, एसडीएम ज्योति सिंह, प्रभारी तहसीलदार/ एसडीएम न्यायिक वीरेंद्र गुप्ता, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल, ईओ मोनिका उमराव आदि भी दल-बल के साथ वहां डटे हुए थे और जरूरी दिशा-निर्देश कर्मचारियों को दे रहे थे। कोंच फायर ब्रिगेड की गाड़ी माघ मेला में चली जाने की वजह से दमकल की गाड़ियों को उरई और माधौगढ़ से भेजा गया जिसमें समय काफी लगा।  गोदाम मालिक वीरेंद्र अग्रवाल का कहना है कि ऊपर वैल्डिंग का काम हो रहा था, काम करने वाले को रोका भी था लेकिन उसने काम चालू रखा और चिंगारी से आग लग गई जिसमें करीब पंद्रह लाख का नुकसान हुआ है।

एसडीएम ज्योति ने बताया कि वीरेंद्र अग्रवाल के प्रतिष्ठान में आग लगी थी, फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट, नगरपालिका, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग आदि ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया था। अच्छी बात यह है कि नागरिकों ने इस काम में बहुत सहयोग किया वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था। आग किन परिस्थितियों में लगी इसकी जांच कराई जायेगी।

इसी गोदाम में इससे पहले भी एक बार भीषण आग लग चुकी है, जिसमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। 11 अप्रैल 2021 को रात के समय शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग भड़की थी। उस हादसे में गोदाम मालिक का परिवार बाल-बाल बचा था, जबकि लगभग 80 से 85 लाख रुपये की क्षति हुई थी।

मियांगज में स्थित मित्तल हैंडलूम के गोदाम के ऊपरी हिस्से में लगी भीषण आग के दौरान स्थानीय लोगों का सराहनीय सहयोग देखने को मिला।  दोपहर करीब 12 बजे जवाहर नगर स्थित ज्वालागंज (मियांगज) इलाके के आसमान में अचानक धुएं के बड़े-बड़े गुबार उठते दिखाई दिए। धुआं देख नगर के लोग बिना देरी किए मौके की ओर दौड़ पड़े। आग की सूचना मिलते ही लोग गोदाम में भारी मात्रा में रखे सामान को बाहर निकालने में जी-जान से जुट गए। कई युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए ऊपर चढ़कर आग बुझाने का कार्य किया।

आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग सहम गए थे कि कहीं घटना बड़ा रूप न ले ले। इसके बाद लोगों ने अपने-अपने घरों की समर्सेवल चालू कर दिए और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और नगर पालिका से पानी के टैंकर व कर्मचारियों को तुरंत बुलवाया गया, जिससे आग पर काबू पाने में और मदद मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *