पुलिस ने चलाया सघन बैंक चेकिंग अभियान

Blog

 

सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा राजेश एस. के आदेश के क्रम में तथा पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सोमवार को सघन बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के आसपास लूट, छिनैती, चोरी एवं टप्पेबाजी जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से संचालित किया गया। अभियान के दौरान जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में स्थित एटीएम, बैंक शाखाओं एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की गहनता से चेकिंग की गई। पुलिस द्वारा बैंकों एवं एटीएम में लगे सुरक्षा उपकरणों—जैसे सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अग्निशामक यंत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया गया। संबंधित बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैंक सुरक्षा गार्डों को निर्देशित किया गया कि बैंक में आने वाले ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, जिससे सड़क पर यातायात बाधित न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अभियान के दौरान बैंकों, एटीएम एवं वित्तीय संस्थानों के आसपास संदिग्ध रूप से खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों एवं वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई। संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *