160 गुमशुदा मोबाइल बरामद, पुलिस टीम की सराहनीय कार्यवाही से स्वामियों के खिले चेहरे

Blog

अनिल कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट

उरई, जालौन : साइबर क्राइम थाना एवं जनपद जालौन के विभिन्न थानों पर गठित पुलिस टीमों द्वारा एक सराहनीय अभियान चलाते हुए कुल 160 अदद गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 24,00,000 रुपये बताई जा रही है। इस सफलता से जहां पुलिस विभाग की कार्यकुशलता की सराहना हो रही है, वहीं अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम टीम द्वारा लगातार तकनीकी संसाधनों और सर्विलांस की मदद से गुमशुदा मोबाइलों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में विभिन्न स्थानों से मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया। इसके लिए पुलिस टीम ने आईएमईआई ट्रैकिंग, सर्विलांस एवं अन्य तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया।

बरामद किए गए मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सत्यापन के बाद सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाकर लोगों ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से यह संभव हो सका।

पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इस सफल कार्यवाही में साइबर क्राइम थाना टीम एवं जनपद के विभिन्न थानों की संयुक्त भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। पुलिस विभाग की इस पहल से आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *