शिव शर्मा की रिपोर्ट
राजनांदगांव। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन BRC भवन राजनांदगांव में किया गया।
इससे पूर्व जोन स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन माध्यमिक शाला सुरगी में संपन्न हुआ था, जिसमें भरेगांव, सुरगी, धामनसरा, हरदी-सिंघोला और कन्हारपुरी से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। जोन स्तर से चयनित प्रतिभागी विकासखंड स्तरीय क्विज में सम्मिलित हुए।
विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में कोमल बंजारे (मा.शा. सुरगी) ने प्रथम स्थान, राम्या निषाद (मा.शा. भर्रेगांव) ने द्वितीय स्थान तथा संजना साहू (मा.शा. ब. नवागांव) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजू राम साहू ने विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और सभी प्रतिभागियों को लगन एवं आत्मविश्वास के साथ निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन BRC भगतसिंह ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में CAC राहुल देव, शिक्षक योगेन्द्र हठीले, CAC दीपक कुमार साहू, प्रभारी शिक्षक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
