रिपोर्ट सोनू करवरिया
नरैनी। क्षेत्र में आधार कार्ड बनवाने एवं संशोधन कराने के नाम पर कई केंद्र संचालकों द्वारा मनमानी वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि नरैनी ब्लॉक के अंदर संचालित आधार सेवा केंद्र पर प्रति आधार कार्ड दो सौ, पाँच सौ से लेकर एक हजार रुपये तक की अवैध वसूली खुलेआम की जा रही है। इससे आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह पूरा एक संगठित गैंग की तरह कार्य करता है, जो सही-गलत दोनों तरह के आधार कार्यों में जनता से मनचाही रकम ऐंठ रहा है। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया, व्हाट्सएप एवं फेसबुक पर वीडियो वायरल कर इन अनियमितताओं की शिकायत सार्वजनिक की है। हालांकि अभिवादन एक्सप्रेस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता, परंतु वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जनता का आरोप है कि प्रशासन सब कुछ जानते हुए भी मौन है, जिससे संचालकों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने उच्च अधिकारियों से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और अवैध वसूली पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।
