नीरज कुमार की रिपोर्ट
इलाज के अभाव में अब किसी गरीब की साँसें थमने नहीं पाएँगी। सदर क्षेत्र के विधायक गौरीशंकर ने आमजन की तकलीफ़ों को समझते हुए बड़ी पहल की है। उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री विवेकानंद सहायता कोष से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों के लिए ₹41,37,500 (इकतालीस लाख सैंतीस हज़ार पाँच सौ रुपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है।
अक्सर देखा गया है कि आर्थिक तंगी के कारण गरीब परिवार अपने बीमार परिजनों का सही इलाज नहीं करा पाते और बड़ी मुश्किलों का सामना करते हैं। विधायक गौरीशंकर ने कहा कि “मेरी कोशिश है कि क्षेत्र का कोई भी नागरिक केवल पैसे की कमी के कारण अपने जीवन से हार न माने। मुख्यमंत्री जी का यह कोष उन परिवारों के लिए संजीवनी साबित होगा जिनके पास इलाज के लिए साधन नहीं हैं।”
इस पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें अपने मरीजों के इलाज के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा। लोगों ने इस सहायता को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात और जीवनदायिनी कदम बताया।
