आत्मकथा के बहाने राहुल गांधी को स्थापित करना

 

                – डॉ. ओपी मिश्रा

हर किसी को अपनी जीवनी लिखने का हक है। कोई भी अपनी जीवनी पुस्तक की शक्ल में लिख सकता है, लेकिन लिखने का यह लाभ तब पूरा होता है जब किताब की चर्चा हो, लोगों के विचार आएं और टिप्पणी आए। इससे यह पता चलता है कि उस व्यक्ति का समाज में क्या महत्व है। वैसे भी जब कोई राजनीतिक व्यक्ति अपनी बायोग्राफी लिखता है, तो उस पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आना स्वाभाविक है। अब अगर वह राजनीतिक व्यक्ति सीधे सत्ता प्रतिष्ठान की आंखों की किरकिरी बना हो, तो उसे दिक्कत ज्यादा होती है। कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी इस श्रेणी में आती हैं। यही कारण है कि भाजपा का आईटी सेल नित्य नए हमले कर रहा है और ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ नामक किताब की कमियां तलाश रहा है।
वैसे भी बीजेपी ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का सपना संजोए बैठी है। उसे लगा कि किताब के आने से सोनिया गांधी की चर्चा तेजी से चल पड़ेगी और वही हुआ भी। मिली जानकारी के अनुसार अब तक कई हजार किताबें हाथों-हाथ बिक चुकी हैं, लेकिन डिमांड अभी कम नहीं हुई है।
अब आइए किताब पर चर्चा करें और बताएं कि किताबें सिर्फ साहित्यिक कृतियां नहीं होतीं, बल्कि कई किताबें राजनीतिक विमर्श, वैचारिक टकराव और ऐतिहासिक घटनाओं की पुनर्व्याख्या का माध्यम बन जाती हैं। सोनिया जी की आत्मकथा इस श्रेणी में आती है। इसमें लेखिका ने अपने निजी जीवन, पारिवारिक त्रासदियों, राजनीतिक सफर और देश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने अनुभव साझा किए हैं। यह पुस्तक केवल एक विदेशी मूल की महिला के भारत आने, विवाह करने तथा राजनीतिक परिवार का हिस्सा बनने की कहानी नहीं है। यह प्रेम, पहचान, पारिवारिक घटनाएं, सत्ता संघर्ष और भारतीय राजनीति के लगभग 6 दशकों के अनुभवों का दस्तावेज है।
इस किताब को मैं कई हिस्सों में बांटता हूं और फिर व्याख्या करता हूं:
1. एक इटली की युवती से भारतीय राजनीतिक व्यक्तित्व बनने तक की कहानी।
2. इंदिरा गांधी का एक अलग व्यक्तित्व।
3. व्यक्तिगत त्रासदियों का दर्द।
4. और फिर आपातकाल।
पुस्तक का सबसे बड़ा विवादित राजनीतिक पक्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों और 1975 के आपातकाल से संबंधित है। सोनिया गांधी 1984 की हिंसा को भारतीय इतिहास का दुखद और शर्मनाक अध्याय स्वीकार करती हैं। यहां वे यह आत्ममंथन भी करती हैं कि क्या 1984 के अपने निजी दुख ने उन्हें दिल्ली में सिखों के विरुद्ध हुई हिंसा के प्रति पर्याप्त संवेदनशील नहीं रहने दिया? हालांकि, राजीव गांधी की भूमिका को लेकर उनका पक्ष और उनका बचाव आलोचना के दायरे में आता है। लेकिन इसे समझने से पहले पाठकों को लेखिका के व्यक्तिगत दृष्टिकोण और ऐतिहासिक तथ्यों के बीच के अंतर को समझना होगा। सोनिया गांधी ने पहले ही यह साफ कर दिया था कि यह कोई राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि निजी अनुभवों और पारिवारिक रिश्तों की दास्तान है। तभी तो सोनिया गांधी खुद कहती हैं, “दशकों से दूसरे लोगों ने मेरी कहानी सुनाई, अब मेरी बारी है।”
वैसे 544 पन्नों को पढ़ना आसान नहीं है, लेकिन हमने प्रयास जरूर किया और पाया कि सोनिया गांधी ने जिस वजह से या जिस कारण से यह किताब लिखी थी, उसमें वह पूरी तरह से कामयाब रही हैं। अब आप पूछेंगे किस कारण से किताब लिखी थी? तो उसका जवाब यह है कि देश में इस समय जो वातावरण चल रहा है, उसमें केवल दो ध्रुव काम कर रहे हैं। एक ध्रुव है प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन और दूसरा है मोदी का विरोध। इसी विरोधी ध्रुव का एकमात्र नेता सोनिया गांधी का बेटा है, जो इस समय लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष है और रायबरेली (उत्तर प्रदेश) से सांसद है यानी राहुल गांधी। वह स्थापित हो, यही एकमात्र लक्ष्य सोनिया गांधी का है, जिसमें वह पूरी तरह से कामयाब रही हैं।
वैसे भक्तगण इस बात से सहमत नहीं होंगे, जबकि हकीकत यह है कि राहुल गांधी की आक्रामक छवि ने उनकी रेटिंग को काफी बढ़ा दिया है। इसे अगर दूसरे शब्दों में कहें, तो राहुल गांधी ‘एंग्री यंग मैन’ के रूप में यकीनन इस समय टॉप पर हैं और यही शायद सोनिया गांधी चाहती भी हैं।
जिस आपातकाल को भाजपा हमेशा जिंदा रखना चाहेगी, उस पर सोनिया गांधी ने बड़ी साफगोई से अपनी बात को रखा है। उन्होंने बताया है कि जिस तरह प्रत्येक शासक (इसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हैं) अपने खिलाफ चल रहे आंदोलन को विदेशी षड्यंत्र मानते हैं, इसी तरह इंदिरा गांधी ने भी इसे विदेशी षड्यंत्र माना और आपातकाल लगाया। वे लिखती हैं कि आपातकाल को लेकर राजीव और संजय में मतभेद था। उनके अनुसार राजीव गांधी आपातकाल के समर्थक नहीं थे और उस समय इस विषय पर कई बार बहस होती थी।
अब जब किताब का विमोचन तमाम बड़े विपक्षी नेताओं की मौजूदगी में हो चुका है, तो फिर जाहिर सी बात है कि सत्ता प्रतिष्ठान यह कहने से कहां चूकने वाला कि किताब में तमाम अहम बातों और घटनाओं का जिक्र क्यों नहीं किया गया। इसको आप इस तरह भी कह सकते हैं कि ‘कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।’ लेकिन हम तो यही कहेंगे कि आत्मकथा के बहाने सोनिया गांधी ने अपने पुत्र राहुल गांधी को स्थापित करने और विपक्ष का प्रमुख चेहरा बनाने का जो प्रयास किया था, उसमें वह सफल रही हैं। जाहिर सी बात है कि यह किताब भविष्य में कांग्रेस की रीति और नीति को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी, लेकिन इसका कितना फायदा राजनीतिक रूप से कांग्रेस को होगा, यह तो भविष्य बताएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *