शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

मोहला, । कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मोहला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था एवं संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोहला सुश्री शुभांगी गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती सलाम ने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर उनकी उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा उपस्थिति व्यवस्था को नियमित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से वर्तमान में पढ़ाए जा रहे विषयों एवं पाठ्यक्रम के संबंध में सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति और पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित अभ्यास करने तथा अपने शैक्षणिक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, प्रतिदिन अपनी कॉपी एवं पाठ्यपुस्तकें साथ लाने तथा कक्षा में अनुशासन बनाए रखने की समझाइश दी। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की जानकारी भी ली। उन्होंने पढ़ाई के प्रति गंभीरता, नियमितता एवं अनुशासन को बेहतर शैक्षणिक परिणामों के लिए आवश्यक बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *