सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
जिलाधिकारी समीर ने अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान तहसील कोंच के ग्राम गुमावली निवासी लगभग 80 वर्षीय तेज सिंह अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। उनकी भर्राई आवाज और उम्र को देखते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें पहले कुर्सी पर बैठाया, उनका हालचाल पूछा और पानी पिलाने के बाद पूरी बात ध्यानपूर्वक सुनी। तेज सिंह ने अपनी जमीन को सुरक्षित कराए जाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि 10 दिन के भीतर स्थलीय जांच कर भूमि संबंधी अभिलेखों का सत्यापन किया जाए और जांच आख्या प्रस्तुत की जाए।जनसुनवाई में अन्य फरियादियों द्वारा चक रोड, जल निकासी, विद्युत आपूर्ति तथा पारिवारिक कलह सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित शिकायतें भी प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित राहत मिल सके।