शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन मां कुष्मांडा की आराधना, देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब*

 बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

0- घंटी-घड़ियाल और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजा नगर व ग्रामीण क्षेत्र, आकर्षक देवी झांकियों ने मोहा मन
0-नगर मे सोनू चौहान के घर के पास विराजमान माता रानी की आकर्षक झाँकी
जालौन। शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन बुधवार को देवी भक्तों ने मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही नगर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। घंटी-घड़ियाल की ध्वनि और ‘जय माता दी’ के जयकारों से नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया।
देवी भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर माता रानी को चुनरी, चंदन, पुष्प आदि अर्पित कर पूजा-अर्चना की। नगर स्थित बड़ी माता मंदिर, छोटी माता मंदिर तथा चेतन मोहल्ले के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं और बच्चों ने भी माता के दर्शन कर परिवार की खुशहाली की कामना की।
नगर के मोहल्ला बालम भट्ट में सोनू चौहान के यहां सजाई गई देवी की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। शाम होते ही देवी पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्रि की धूम दिखाई दी। लेसुआ, खनुआ, दौसा, धंतौली, धनोरा, मकरंदपुरा सहित आसपास के गांवों में देवी मंदिरों और पंडालों में भक्तों ने मां कुष्मांडा की आराधना की। जगह-जगह देवी गीत और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *