सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
विकासखंड डकोर के ग्राम टीकर में बीते दिवस अज्ञात कारणों से दो घरों में आग लगने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई। मा० मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि दैवीय आपदा से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिसके क्रम में प्रशासन ने संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई की।
उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह ने मौके पर पहुंचकर आग से प्रभावित कमलेश पत्नी पुनु तथा कस्तूरी पत्नी शिवकुमार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। उप जिलाधिकारी द्वारा दोनों पीड़ित परिवारों को 1 लाख 20 हजार, एक लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही परिवारों के लिए दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री किट भी उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को शासन स्तर से अनुमन्य हर संभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और किसी भी पीड़ित को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।
