फसल बर्बादी के मुआवजे समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन*

 बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। सामाजिक न्याय एवं किसान मंच के तत्वावधान में किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी जालौन को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने सरकार से फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि अतिवृष्टि के कारण तिल, मूंग, उड़द एवं सोयाबीन की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों को फसलों में हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा ट्यूबवेल की बिजली आपूर्ति 10 घंटे से बढ़ाकर 18 घंटे किए जाने की मांग की गई।
किसानों ने बीमित फसलों का बीमा क्लेम समय से दिलाने, अनुदान पर मिलने वाले कृषि यंत्रों का लक्ष्य बढ़ाने तथा जरूरतमंद किसानों को आसानी से कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। वहीं किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 20 हजार रुपये वार्षिक किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में रबी की बुवाई के पीक समय को देखते हुए डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सोसायटियों और बाजार में किसानों को खाद आसानी से उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में मंडल अध्यक्ष झांसी मनोज डोयला, प्रदेश सचिव ओमप्रकाश साहू, विनोद कुमार, जितेंद्र सिंह, वृजकिशोर, राजवीर, विमल पाल, अमन सिंह, मूलचरन आदि किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *