बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। बागवान समाज सेवा समिति के अध्यक्ष मुहम्मद अशफाक राईन के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जनपद की स्वास्थ्य, बिजली एवं रेलवे से जुड़ी छह प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम उप जिलाधिकारी जालौन को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में सीएचसी जालौन में रात्रिकालीन महिला चिकित्सक की तैनाती, वर्ष 2025 से उपलब्ध अल्ट्रासाउंड मशीन को चिकित्सक की तैनाती कर चालू कराने, नवनिर्मित बिजलीघर को शुरू कराने तथा पुराने 33 केवी बिजलीघर की खराब मशीनों की मरम्मत कराने की मांग की गई।
इसके अलावा उरई रेलवे स्टेशन के दूसरे प्लेटफार्म पर लिफ्ट लगाने, जालौन डाकघर में बंद रेलवे आरक्षण खिड़की को पुनः शुरू कराने और उरई से दिल्ली के लिए नई सीधी ट्रेन चलाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके लिए उरई-दिल्ली रेल सेवा का सर्वे एवं संभाव्यता रिपोर्ट तैयार कराने की मांग भी की गई।
समिति ने मांगों पर विभागवार जिम्मेदारी तय कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई कराने तथा संबंधित अधिकारी का नाम, की गई कार्रवाई और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान अशोक चौधरी, शिवकारायन वर्मा पूर्व सभासद, आसिफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।