रात के अंधेरे में खराब हुआ वाहन, सड़क पर फंसे राहगीरों के लिए मददगार बनी यूपी-112

 

   राघवेंद्र शर्मा ब्यूरो रिपोर्ट जालौन
उरई (जालौन)। देर रात सुनसान सड़क पर अचानक चार पहिया वाहन खराब हो जाने से उसमें सवार राहगीरों के सामने मुश्किल खड़ी हो गई। अंधेरे में सड़क पर फंसे राहगीरों ने किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पीआरवी 0080 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और राहगीरों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाकर राहत की सांस दिलाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरुण द्विवेदी पुत्र नंद किशोर निवासी गोहन, जनपद जालौन, अपने साथी रविन्द्र यादव निवासी रहिया, उरई तथा महेन्द्र प्रजापति निवासी तुलसी धाम, उरई के साथ चार पहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान रात में अचानक उनका वाहन खराब हो गया। काफी प्रयास करने के बावजूद वाहन ठीक नहीं हो सका, जिसके चलते सभी लोग सुनसान सड़क पर फंस गए।
रात का समय होने के कारण राहगीरों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता मांगी। कॉल मिलते ही कोतवाली उरई की पीआरवी संख्या 0080 तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची पीआरवी पर तैनात मुख्य आरक्षी अफसर जमा, संदीप कुमार तथा चालक होमगार्ड जगत सिंह ने राहगीरों की स्थिति जानी और उनकी मदद की। पुलिसकर्मियों ने रात के समय राहगीरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित उरई पहुंचाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से राहगीरों ने राहत की सांस ली और यूपी-112 पुलिस टीम का आभार जताया। सुनसान स्थान पर वाहन खराब होने के बाद रात में फंसे लोगों के लिए पुलिस की यह तत्परता सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश देती नजर आई।
यूपी-112 की पीआरवी 0080 की तत्परता ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि संकट की घड़ी में पुलिस सहायता के लिए तत्काल मौके पर पहुंचकर आमजन की मदद करने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *