लियो कॉन्वेंट स्कूल में छात्र-छात्राओं को दिया जा रहा कराटे एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

 

    दुष्यंत   सिंह की रिपोर्ट

रायबरेली। छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रायबरेली स्थित लियो कॉन्वेंट स्कूल में कराटे एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन के कुशल निर्देशन में संचालित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाना है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कराटे एसोसिएशन रायबरेली के अध्यक्ष एवं संस्थापक मास्टर राकेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को कराटे एवं आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान कराटे प्रशिक्षिका एवं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रितिका गुप्ता बच्चों को पंच, किक, हमले से बचाव तथा आत्मरक्षा की विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का अभ्यास करा रही हैं।

विद्यालय की मैनेजमेंट प्रतिनिधि शुभ्रा सिंह, प्रधानाचार्या दीपा तिवारी, स्कूल हेड दीपक द्विवेदी, एडमिन हेड महेंद्र प्रताप सिंह एवं मनप्रीत कौर के सहयोग और मार्गदर्शन से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित हो रहा है। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान है। वे विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

मास्टर राकेश कुमार गुप्ता के अनुसार, वर्तमान समय में शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। कराटे न केवल एक खेल है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और आत्मनिर्भरता विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है।

प्रशिक्षिका रितिका गुप्ता का उद्देश्य विशेष रूप से बालिकाओं सहित सभी विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर सूझबूझ और आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा कर सकें।

विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कराटे एसोसिएशन रायबरेली के संयुक्त प्रयासों से चल रही यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *