अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बाँदा। प्रतिभा जब मेहनत, सृजनशीलता और समर्पण से जुड़ती है, तो उसकी रोशनी दूर तक दिखाई देती है। जनपद बाँदा की शिक्षिका एवं कवयित्री रीता गुप्ता, सहायक अध्यापिका, उच्च प्राथमिक विद्यालय कलेक्टर पुरवा कम्पोजिट, क्षेत्र-महुआ, जनपद बाँदा ने सप्तम आर्ट, क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक स्तर के सामाजिक विज्ञान विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
डायट बाँदा में आयोजित प्रतियोगिता में रीता गुप्ता ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावी प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि ने उनके विद्यालय के साथ-साथ पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर डायट प्राचार्य श्री सत्येन्द्र पाण्डेय जी ने उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं डायट के नोडल प्रवक्ता श्री अवधनारायण सिंह जी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा और प्रयासों की सराहना की।
शिक्षिका के साथ संवेदनशील कवयित्री भी
रीता गुप्ता शिक्षा के क्षेत्र में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ कवयित्री के रूप में भी अपनी साहित्यिक पहचान बना रही हैं। उनकी कलम जीवन, समाज और मानवीय संवेदनाओं को शब्द देने का माध्यम है। कला और साहित्य के प्रति उनका अनुराग उनकी सृजनात्मक सोच को एक अलग पहचान देता है।
अपनी इस उपलब्धि और सम्मान को लेकर रीता गुप्ता का कहना है कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है। वह इसे उन सभी स्त्री-पुरुषों को समर्पित करती हैं, जो अपनी कलम की राह पर आगे बढ़ते हुए अपने शब्दों से एक नई दुनिया रच रहे हैं और सृजन की राह से नई उड़ान भर रहे हैं। उनके लिए कलम महज़ शब्दों का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों, सपनों और संवेदनाओं को आवाज़ देने की ताकत है।
उनका यह समर्पण उन सभी रचनाकारों के प्रति सम्मान भी है, जो बिना किसी भेदभाव के अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, संवेदना और जागरूकता का प्रकाश फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
रीता गुप्ता की इस सफलता पर परिवारजनों, विद्यालय परिवार एवं समस्त शिक्षकगण ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि वह आगामी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बाँदा का नाम रोशन करेंगी।
जिला स्तर पर सफलता का यह पड़ाव रीता गुप्ता के लिए एक नई शुरुआत है। अब उनकी निगाहें प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता पर हैं, जहाँ कला, शिक्षा और सृजनशीलता के इस सफर को एक और विस्तृत मंच मिलेगा। बाँदा की इस प्रतिभाशाली शिक्षिका और कवयित्री की उपलब्धि निश्चित रूप से उन तमाम लोगों के लिए प्रेरणा है, जो अपनी मेहनत और अपनी कलम के सहारे अपने सपनों को नई उड़ान देना चाहते हैं।