ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। तहसील जालौन क्षेत्र के ग्राम पंचायत छानीखास में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गांव में नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी प्राथमिक विद्यालय परिसर में भर रहा है, जिससे विद्यालय आने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर में लंबे समय तक पानी भरा रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। विद्यालय दोबारा नियमित रूप से संचालित होने पर बच्चों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने जलभराव के अलावा गांव में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक की भी शिकायत की है। आरोप है कि आवारा कुत्ते ग्रामीणों को काटकर घायल कर रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर प्रशांत पांडेय आदि ग्रामीणों ने 19 सितंबर 2026 को सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी जालौन को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के आसपास जल निकासी के लिए नाला बनवाने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने के साथ ही आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।