नाहरगढ/मंदसौर(तुलसीराम राठौर)– भाजपा संगठन के साथ सरपंच से लेकर राज्यसभा सांसद तक का राजनीतिक सफर तय किया।गांव व शहर से लेकर दिल्ली राजधानी तक मजबूत पकड बनाई आज उसी का परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए मंदसौर के वरिष्ठ किसान नेता एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय टीम में बंशीलाल गुर्जर को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को मालवा-निमाड़ क्षेत्र सहित पूरे मध्य प्रदेश के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। किसान राजनीति से राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचे बंशीलाल गुर्जर का राजनीतिक सफर लगभग तीन दशक लंबा रहा है। मंदसौर जिले के ग्राम लालघाटी से जुड़े गुर्जर ने जमीनी स्तर पर किसान हितों की लड़ाई लड़ते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। वे लंबे समय तक कृषि उपज मंडी की राजनीति से जुड़े रहे और किसान संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
बंशीलाल गुर्जर भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं तथा भाजपा किसान मोर्चा में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। संगठन में उनकी सक्रियता और किसानों के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय किसान मोर्चे की कमान सौंपी है। वर्ष 2024 में राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनका राजनीतिक कद और बढ़ा। इससे पहले वे भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। किसान, ग्रामीण और ओबीसी वर्गों में उनकी मजबूत स्वीकार्यता को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मंदसौर-नीमच अंचल के लिए यह गौरव का विषय है कि क्षेत्र का एक किसान नेता अब राष्ट्रीय स्तर पर किसानों की आवाज को मजबूती से उठाएगा। उनकी नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व मिलन पर बंशीलाल गुर्जर का भाजपा महिला मोर्चा मंदसौर की सभी मातृशक्तियों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।