शिव शर्मा की रिपोर्ट
शिव शर्मा की रिपोर्ट
राजनांदगांव। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों के लिए बड़ी विकासात्मक उपलब्धि के रूप में प्रदेश सह-संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ भाजपा छत्तीसगढ़, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजनांदगांव एवं वर्ष 2023 की भाजपा प्रत्याशी गीता घासी साहू के सतत प्रयासों से क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को कुल 44.5 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। वर्षों से जर्जर एवं बदहाल स्थिति में पड़े इन दोनों मार्गों के निर्माण की मांग ग्रामीण लगातार करते आ रहे थे। शासन स्तर पर निरंतर पत्राचार, जनप्रतिनिधियों से चर्चा और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप अब इन बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है, जिससे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गीता घासी साहू ने 22 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव को पत्र प्रेषित कर विकासखंड छुरिया अंतर्गत दाऊटोला–जोशीलमती–गहिराभेड़ी मार्ग के डामरीकरण एवं निर्माण तथा विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ब्राम्हणभेड़ी–सांगली–केसला मार्ग के नवीन डामरीकरण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया था। उन्होंने पत्र में दोनों मार्गों की दयनीय स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया था कि सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया था कि दाऊटोला–जोशीलमती–गहिराभेड़ी मार्ग लगभग 24 किलोमीटर लंबा है। यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग होने के साथ-साथ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की जीवनरेखा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण बारिश के दिनों में आवागमन और भी कठिन हो जाता था। वहीं ब्राम्हणभेड़ी–सांगली–केसला मार्ग लगभग 5 किलोमीटर लंबा है, जिसका नवीन डामरीकरण भी लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगों में शामिल था। जिला पंचायत सभापति नेहरू रजक ने भी सड़क डामरीकरण मांग करते रहे है।
लगातार किए गए प्रयासों और जनहित के मुद्दे को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखने का सकारात्मक परिणाम सामने आया और दोनों सड़क परियोजनाओं के लिए कुल 44.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद हजारों ग्रामीणों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों का स्कूल एवं महाविद्यालय तक आवागमन सुगम होगा, मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी तथा क्षेत्र की व्यापारिक, सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।
गीता घासी साहू ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क विकसित करने और ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इस अवसर पर जिला किसान मोर्चा महामंत्री घासी राम साहू, जिला पंचायत सभापति नेहरू रजक, अंबागढ़ चौकी मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी, मंडल महामंत्री विमल यादव सहित बड़ी संख्या में जिला भाजपा पदाधिकारी एवं मंडल पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी और हजारों ग्रामीण परिवारों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
