ब्रेकिंग न्यूज जालौन उरई से
राघवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट
–
उरई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन दौरे के दौरान जनपद को ₹1273.96 करोड़ की 374 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री इंदिरा स्टेडियम पहुंचे, जहां आयोजित जनसभा में उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जालौन में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, राजस्व, पुलिस और नगर विकास से जुड़ी परियोजनाओं को जनपद के विकास की नई दिशा बताया।
शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में कालपी नगर पालिका की ₹88.53 करोड़ की पेयजल योजना, उरई-इटौरा मार्ग का चौड़ीकरण, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण, बंगरा-रेढ़र-लगामपुर मार्ग का चौड़ीकरण, कालपी अग्निशमन केंद्र का निर्माण तथा कोंच में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और इंटरसेप्शन-डायवर्जन कार्य शामिल हैं।
लोकार्पित परियोजनाओं में महेवा में ₹351.23 करोड़ की लागत से निर्मित 400 केवी उपकेंद्र एवं ट्रांसमिशन लाइन, मेडिकल कॉलेज जालौन की 50 शैय्या क्रिटिकल केयर यूनिट, पुलिस लाइन के 48 आवासीय भवन, उरई तहसील का नया भवन तथा विभिन्न संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण कार्य प्रमुख रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों तक बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध कराने के लिए जालौन देवी, रक्तदंतिका देवी, अक्षरा देवी और बैरागढ़ शक्तिपीठ जाने वाले मार्गों का भी विकास कराया गया है। साथ ही उरई में एनआईसी भवन और आधुनिक हाईटेक नर्सरी का निर्माण भी पूरा किया गया है।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, पूर्व सांसद भानुप्रताप वर्मा, पूर्व विधायक संतराम सेंगर, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, उरई नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा देवी, जालौन नगर पालिका अध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष अनिल कुशवाहा कुदारी, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष सोनू श्रीवास्तव सहित मौजूद रहे।
