अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा,।
स्पोर्ट्स स्टेडियम, बांदा में शुक्रवार से तीन दिवसीय बांदा बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 24 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मालती बासू ने दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती मालती बासू ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और भाईचारे की भावना का प्रतीक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह में काजी जमीर (सचिव, जिला बैडमिंटन संघ), इंद्रवीर सिंह (सचिव, जिला ओलंपिक संघ), सुनील सक्सेना (मीडिया प्रभारी, जिला ओलंपिक संघ), शिव वदन निषाद (बनारसी सेनेटरी), श्रीमती कल्पना कमल (उप क्रीड़ा अधिकारी), अभिषेक कुमार (वॉलीबॉल प्रशिक्षक), मोहम्मद अशफाक, राजेश दुबे, नरेंद्र सिंह, अनवर अली, हिमांशु सिंह, आलोक सिंह, मानस शुक्ला, अंकित कुशवाहा, सुश्री फरजाना, भानु प्रताप, तारिक खान, रईस अहमद सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा बैडमिंटन जैसी लोकप्रिय खेल विधा के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है।
समारोह के अंत में बैडमिंटन कोच भानु प्रताप ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, आयोजकों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह प्रतियोगिता न केवल सफल होगी, बल्कि जिले में खेलों के विकास को नई दिशा भी प्रदान करेगी।
उद्घाटन दिवस पर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे स्टेडियम में खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। उम्मीद है कि आगामी तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता रोमांचक मुकाबलों के साथ नई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगी और बांदा में खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाएगी।
