वार्षिक साधारण सभा में 9 प्रतिशत लाभांश घोषित, शुद्ध एनपीए रहा शून्य प्रतिशत

Blog

स्मृति बैंक की शानदार उड़ान: 1280 करोड़ का व्यवसाय, 1.51 लाख ग्राहकों का विश्वास

 

मन्दसौर/नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)–स्मृति नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित ने अपनी 27वीं वार्षिक साधारण सभा में एक बार फिर उत्कृष्ट वित्तीय प्रदर्शन का परिचय दिया। बैंक का कुल व्यवसाय 1280 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है, जबकि शुद्ध एनपीए शून्य प्रतिशत बनाए रखते हुए बैंक ने वित्तीय अनुशासन और मजबूत प्रबंधन की मिसाल पेश की है।

संजीत रोड स्थित शुभकामना रिसोर्ट में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील पंजवानी ने बताया कि वर्ष 1999 में मात्र 25 लाख रुपये की शेयर पूंजी और एक शाखा से शुरू हुई बैंक आज मंदसौर, नीमच, रतलाम और इंदौर जिलों में 14 शाखाओं तथा 27 एटीएम के विस्तृत नेटवर्क के साथ सेवाएं दे रही है। वर्तमान में बैंक के साथ 1 लाख 51 हजार से अधिक ग्राहक जुड़े हुए हैं।

उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष में बैंक की कुल जमा राशि बढ़कर 775.50 करोड़ रुपये तथा ऋण एवं अग्रिम 504.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गए हैं। वित्तीय वर्ष में बैंक ने 411.33 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। बैंक की जमा राशि में 15.84 प्रतिशत तथा ऋण वितरण में 11.73 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

सभा में बताया गया कि बैंक स्थापना वर्ष से ही अंशधारकों को नियमित लाभांश प्रदान कर रही है। इस वर्ष भी 9 प्रतिशत लाभांश घोषित किया गया है। बैंक की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को देखते हुए हाल ही में सहकारिता विभाग द्वारा उसे मध्यप्रदेश की सर्वश्रेष्ठ बैंक के सम्मान से सम्मानित किया गया।

1000 करोड़ डिपॉजिट और शिड्यूल बैंक बनने का लक्ष्य——

बैंक के संस्थापक एवं मार्गदर्शक नरेंद्र नाहटा ने कहा कि बैंक का अगला लक्ष्य 1000 करोड़ रुपये की जमा राशि प्राप्त कर शिड्यूल बैंक का दर्जा हासिल करना है। इसके लिए बैंक अत्याधुनिक फिनेकल कोर बैंकिंग सॉफ्टवेयर अपनाने जा रही है। आगामी वित्तीय वर्ष में इंदौर और रतलाम में दो नई शाखाएं भी खोली जाएंगी।

उन्होंने बताया कि बैंक ने निकट भविष्य में 1600 करोड़ रुपये तथा आगे 2000 करोड़ रुपये के व्यवसाय का लक्ष्य निर्धारित किया है। दीर्घकालिक योजना के तहत स्मृति बैंक को देशव्यापी पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

गांव-गांव पहुंचेगी बैंकिंग सेवा——

ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से 50 व्यावसायिक संवाददाता नियुक्त करने की मंजूरी प्राप्त हो चुकी है। इसके माध्यम से करीब 50 गांवों में घर-घर बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। बैंक वरिष्ठ नागरिकों को सावधि जमा पर 8.50 प्रतिशत तक ब्याज तथा वाहन ऋण पर ऑन-रोड कीमत का 100 प्रतिशत तक वित्तपोषण भी उपलब्ध करा रही है।

तुलसी के पौधे भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश——-

सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभा में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बैंक प्रबंधन ने उपस्थित सभी अंशधारकों को तुलसी के पौधे भेंट किए तथा वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *