सनत कुमार बुधौलिया
उरई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आज आटा टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन टोल प्लाजा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं परिचालकों के नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर एवं शुगर की निःशुल्क जांच की गई।सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने उपस्थित वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों की जान बचाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने चालकों से वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, थकान की स्थिति में वाहन न चलाने तथा सड़क संकेतों का पालन करने की अपील की। शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार एवं उनकी टीम के सदस्य संजय कुमार, माखन लाल, पवन कुमार विश्नोई और रवि सोलंकी ने बड़ी संख्या में वाहन चालकों एवं परिचालकों की आंखों की जांच की। साथ ही ब्लड प्रेशर एवं शुगर की भी जांच की गई। जिन चालकों की दृष्टि कमजोर पाई गई, उन्हें चश्मा लगाने तथा जिला चिकित्सालय में विस्तृत नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर मुकेश कुमार (तहसीलदार), बीर बहादुर सिंह (यातायात प्रभारी), अलीम खान (समाजसेवी), आयोजनकर्ता उत्तम सिंह (परियोजना प्रबंधक, एनएचआईटी), सैयद इरफान (सेफ्टी मैनेजर), इंगेश शर्मा (इंसिडेंट मैनेजर), अंकेश श्रीवास्तव (प्लाजा मैनेजर), प्रदीप चौहान (पैरामेडिक) सहित टोल प्लाजा के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वाहन चालक और परिचालक उपस्थित रहे।
