अनिल सक्सेना की रिपोर्ट ….
*दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीणों की आय दोगुनी करने के लिए बाहरी राज्यों से अच्छी नस्लों की लायी जा सकेंगी गायें*
*गिर, साहीवाल और थारपारकर जैसी उन्नत स्वदेशी गायें खरीदने का सुनहरा मौका*
*महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा, योजना के तहत कुल निर्धारित लक्ष्य में से 50 फीसदी कोटा महिला दुग्ध उत्पादकों के लिए आरक्षित*
*बांदा: 17 जून-* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना’ संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पशुपालकों को उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए भारी अनुदान दिया जा रहा है। योजना का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी गौवंश का संरक्षण करना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
*दो गायों की इकाई पर 40% की सब्सिडी*
बांदा के उप दुग्धशाला विकास अधिकारी और नंदबाबा दुग्ध मिशन के जिला समन्वयक ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को दो उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की इकाई लगानी होगी। इसकी कुल स्थापना लागत का 40 प्रतिशत या अधिकतम 80,000 रुपये तक का अनुदान शासन द्वारा सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा। यह योजना उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में पूरी तत्परता से लागू की जा रही है।
*बाहरी राज्यों से लानी होंगी उन्नत नस्ल की गायें*
योजना के नियमों के मुताबिक, पशुपालकों को दूसरे राज्यों से गिर, साहीवाल, थारपारकर और हरियाणा जैसी उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायें खरीदनी होंगी। सरकार ने शर्त रखी है कि खरीदी जाने वाली गायें केवल प्रथम या द्वितीय ब्यांत की ही होनी चाहिए ताकि दुग्ध उत्पादन का अधिकतम लाभ मिल सके। इससे प्रदेश में दूध की किल्लत दूर होगी और शुद्ध स्वदेशी दूध की उपलब्धता बढ़ेगी।
*महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण*
योगी सरकार ने इस योजना में महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी है। कुल निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत हिस्सा केवल महिला दुग्ध उत्पादकों और महिला पशुपालकों के लिए आरक्षित किया गया है। इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने पैरों पर खड़े होने का सुनहरा मौका मिलेगा। वहीं योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक लाभार्थी 10 जुलाई 2026 तक नंदबाबा दुग्ध मिशन के आधिकारिक पोर्टल nandbabadugdhmission.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत दिशा-निर्देश भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध हैं वहीं अधिक जानकारी के लिए विकास भवन स्थित मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी या उप दुग्धशाला विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
